भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले-2026 में हिमाचल पवेलियन का हुआ शुभारंभ

न्यूज़म ब्यूरो नई दिल्ली, 15 नवम्बर। नई दिल्ली में आयोजित किए जा रहे भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2026…

न्यूज़म ब्यूरो

नई दिल्ली, 15 नवम्बर। नई दिल्ली में आयोजित किए जा रहे भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 में आज प्रधान आवासीय आयुक्त अजय यादव ने हिमाचल प्रदेश पवेलियन का शुभारंभ किया। हिमाचल प्रदेश पवेलियन में कुल 15 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पादों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित प्राकृतिक एवं स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस पवेलियन में भुट्टिको कुल्लू, हिम इरा, हिमाचल प्रदेश हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट्स तथा नूरपुर सिल्क मिल्स सहित कई प्रमुख संस्थान एवं उद्यम भाग ले रहे हैं। भुट्टिको कुल्लू और हिमाचल प्रदेश हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट्स द्वारा प्रदेश के स्थानीय बुनकरों एवं कारीगरों की पारंपरिक कला एवं शिल्पकला को प्रदर्शित किया जा रहा है, जबकि नूरपुर सिल्क मिल्स द्वारा रेशम से निर्मित आकर्षक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त हिम इरा के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को अपने स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर मिल रहा है।

हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी जिलों से आए कारीगर एवं उद्यमी इस मेले में भाग लेकर अपने स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इन उत्पादों में प्रदेश की कला, संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर की झलक देखने को मिल रही है।

पवेलियन में आने वाले आगंतुकों के बीच प्राकृतिक, पर्यावरण के अनुकूल एवं स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। हिली बास्केट एवं गुलाब शॉल्स इंडस्ट्री द्वारा भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। ये उत्पाद भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी, टिकाऊ एवं नवाचार आधारित उत्पादों की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।

Advertisement

इस आयोजन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों एवं छोटे उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और व्यापक बाजार उपलब्ध करवाने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 का आयोजन 14 नवंबर से 27 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जा रहा है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh